उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए सरकार ने 9 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई अधिकारियों को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा के पद पर तैनात ए. सतीश गणेश को अब अतिरिक्त रूप से अपराध शाखा उत्तर प्रदेश की भी जिम्मेदारी दी गई है, जिससे उनका कार्यक्षेत्र और विस्तारित हो गया है।
इसी क्रम में जय नारायण सिंह को पुलिस महानिदेशक, ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक यूपी पावर कॉरपोरेशन में तैनात थे।
ध्रुव कांत ठाकुर को पुलिस महानिदेशक/महासमादेष्टा होमगार्ड के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं विनोद कुमार सिंह को सीआईडी के साथ-साथ साइबर क्राइम, यूपी 112 का भी अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
आलोक सिंह को पीएसी मुख्यालय के साथ विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। अनुपम कुलश्रेष्ठ को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. आर. के. स्वर्णकार को यूपी पावर कॉरपोरेशन में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा गीता सिंह को पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण निदेशालय और एस. के. भगत को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन के रूप में तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले एक सप्ताह पूर्व राज्य सरकार ने व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 1 आईएएस और 84 पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए थे। सरकार का कहना है कि ये बदलाव प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और तेज बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।