उत्तराखंड के ऋषिकेश में विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पशुलोक बैराज क्षेत्र में टेंडर भुगतान के बदले 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने टोल-फ्री नंबर के माध्यम से विजिलेंस विभाग को सूचना दी थी कि वह सरकारी विभाग में टेंडर से जुड़े कार्य करता है। उसका पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक टेंडर स्वीकृत था, जिसके भुगतान के लिए जेई फैसल खान द्वारा अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने एक ट्रैप टीम का गठन किया और योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरोपी जेई फैसल खान, पुत्र लियाकत हुसैन, निवासी कटोरतल, थाना काशीपुर, उधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।