हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने अपनी समस्या रखते हुए भावुक अपील की। महिला ने आरोप लगाया कि उसके खेत तक जाने वाले रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे वह खेती करने में असमर्थ हो गई है।
मेहरा गांव निवासी प्रियंका ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुछ लोगों ने अधिकारियों से मिलीभगत कर खेत के रास्ते में बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगवा दिए हैं। इससे उसका खेत तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। महिला का कहना था कि वह अब तक इस मामले में 19 बार शिकायत दे चुकी है, लेकिन किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई।
अपनी बात रखते हुए महिला भावुक हो गई और कहा कि यदि अब भी उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपने बेटे के साथ आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगी। महिला की स्थिति देखकर मुख्यमंत्री ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उसे शांत कराया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद बिजली निगम के एक्सईएन को कड़ी फटकार लगाई और मामले की जांच के आदेश एसडीएम को दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि महिला को धमकाने के आरोपों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
महिला ने बताया कि उसने वर्षों पहले बकाली क्षेत्र में करीब सात एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसमें खेत तक जाने का रास्ता भी दर्ज था। लेकिन कुछ लोगों ने कथित तौर पर प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से रास्ता बंद कर दिया। उसने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं।
जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि लोगों की समस्याओं को अनदेखा करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 338 शिकायतें सुनीं और कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।