यूपी। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अपने 19 जिलों में कार्यरत बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों के सभी अवकाश 31 जुलाई तक के लिए निरस्त कर दिए हैं। साथ ही, पहले से छुट्टी पर गए कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी पर वापस बुलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

निगम की प्रबंध निदेशक (एमडी) रिया केजरीवाल ने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह सर्कुलर 21 मई को जारी किया। आदेश में लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के मुख्य अभियंताओं को निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।

एमडी ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का अवकाश केवल विशेष परिस्थिति में ही स्वीकृत किया जाएगा। इसके लिए आवेदन पहले संबंधित अधिशासी अभियंता और मुख्य अभियंता के माध्यम से भेजा जाएगा, जिसके बाद अंतिम अनुमति एमडी स्तर से दी जाएगी।

निगम ने साफ किया है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा न आए, इसके लिए सभी स्तरों पर सतर्कता और उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।