लखनऊ। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हाल ही में लगी आग की घटना को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए प्रदेश में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।

सभी ऊंची इमारतों और संस्थानों की होगी जांच

सीएम योगी ने राज्य के सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) और अग्निशमन विभाग सहित संबंधित सभी एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित ऊंची इमारतों, कार्यालयों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी होटलों और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की विशेष सुरक्षा जांच की जाए। साथ ही अग्नि सुरक्षा प्रणालियों की स्थिति की समीक्षा कर उन्हें और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

अनिवार्य ऑडिट रिपोर्ट के निर्देश

सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित संस्थानों से अग्नि सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। जिन स्थानों पर खामियां पाई जाएं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।