मेरठ में आजाद समाज पार्टी की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर में पदयात्रा निकाली जाएगी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा के मूल मार्ग में बदलाव कर दिया है।

इंचौली में हुआ सांसद का स्वागत

मेरठ पहुंचने पर सांसद चंद्रशेखर आजाद का इंचौली में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया और कार्यक्रम को लेकर उत्साह जताया।

कांशीराम पार्क से शुरू होकर कमेला वाला पुल पर होगा समापन

पार्टी नेताओं के अनुसार पदयात्रा की शुरुआत शेरगढ़ी स्थित कांशीराम पार्क से होगी। इसके बाद यह यात्रा हापुड़ चुंगी होते हुए हापुड़ रोड स्थित कमेला वाला पुल तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन किया जाएगा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

प्रशासन ने सीमित किया यात्रा का मार्ग

पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट चरण सिंह ने बताया कि शुरुआत में यात्रा को हापुड़ रोड, हापुड़ अड्डा, ईव्ज चौराहा, एनएएस कॉलेज मार्ग होते हुए कचहरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौराहे तक ले जाने की योजना थी।

हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत के बाद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मार्ग को छोटा कर दिया गया है और इसे अब कमेला वाला पुल तक ही सीमित रखा गया है।

सामाजिक मुद्दों को लेकर पदयात्रा

पार्टी की ओर से कहा गया है कि इस पदयात्रा के जरिए विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को जनता के बीच रखा जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे शुरू होना तय था, जबकि सांसद चंद्रशेखर आजाद 1:19 बजे मेरठ के इंचौली पहुंचे।

बिजनौर घटना का भी जिक्र

पार्टी नेताओं ने यह भी बताया कि इससे एक दिन पहले बिजनौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर आजाद को कुछ समय के लिए नजरबंद किया गया था, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की संभावना है।