मेरठ में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 वर्षीय महिला वर्षा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति रोहित और चार साल की बेटी आरोही घायल हो गए। टक्कर के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर शेरगढ़ी निवासी रोहित, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं, रविवार को अपनी पत्नी वर्षा और बेटी आरोही के साथ सोफीपुर स्थित रिश्तेदारी में गए थे। रात करीब 12 बजे वे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक बेगमपुल चौराहे के पास शास्त्री की प्रतिमा के नजदीक पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित और बच्ची सड़क के एक ओर जा गिरे, जबकि वर्षा बस के पहिए की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस महिला को कुचलते हुए हापुड़ रोड की ओर तेजी से भाग गई। हादसे में वर्षा की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
सूचना मिलते ही आबूलेन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रोहित व उनकी बेटी को दयानंद नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।