मेरठ: ड्रोन पहरेदारी बना बहाना, रंजिश में किसान पर धारदार हथियारों से हमला

लोहियानगर क्षेत्र के चंदसारा गांव में शुक्रवार देर रात एक किसान पर जानलेवा हमला कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, यह हमला ड्रोन निगरानी के दौरान हुई कहासुनी के बाद हुआ। घायल किसान को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांच नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी 37 वर्षीय पिंटू त्यागी देर रात लगभग साढ़े बारह बजे किसी आवाज को सुनकर घर से बाहर निकले थे। बाहर उन्होंने देखा कि महेंद्र, उसके बेटे चिंटू व प्रिंस, साथी आशू और देवेंद्र दो अन्य लोगों के साथ हाथ में फरसे और धारदार हथियार लिए खड़े थे। जानकारी के अनुसार, सभी लोग ड्रोन पर निगरानी के लिए पहरा दे रहे थे। जब पिंटू ने हथियार लेकर खड़े होने की वजह पूछी, तो अकेला पाकर हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।

हमले में पिंटू को सिर, गर्दन, कमर और हाथ-पैर पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन बाहर निकले और लहूलुहान अवस्था में पिंटू को देखकर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने कई हिस्सों में टांके लगाए हैं।

पीड़ित के बहनोई कृष्ण त्यागी ने बताया कि आरोपी महेंद्र से पिंटू का रुपयों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ड्रोन निगरानी व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक ऑडियो से तनाव, जातिसूचक टिप्पणी पर केस दर्ज

इंचौली क्षेत्र के धनपुर गांव में ‘ड्रोन को खोजो’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप साझा किए जाने से गांव में तनाव का माहौल बन गया है। ग्राम प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी अर्जुन उर्फ शशिकांत शर्मा ने जानबूझकर एक ऑडियो क्लिप ग्रुप में भेजी, जिसमें अनुसूचित जाति के लोगों पर अभद्र और जातिसूचक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस ग्रुप में विभिन्न जातियों के सदस्य जुड़े हुए हैं, और इस ऑडियो से सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ने की स्थिति बन गई।

सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here