मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव मोरना में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने गई ब्रह्मपुरी थाना पुलिस टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी को उसके समर्थकों ने लाठी-डंडों से हमला कर छुड़ा लिया और मौके से फरार करा दिया।

जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में गांव मोरना निवासी राहुल मोरना लंबे समय से वांछित चल रहा था। सोमवार देर रात ब्रह्मपुरी थाने के उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची थी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने का प्रयास किया, तभी उसने विरोध शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की व हाथापाई होने लगी।

इसी दौरान आरोपी पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान अफरा-तफरी के बीच आरोपी राहुल मोरना को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर भगा दिया गया।

हमले के बाद पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर मौके से पीछे हटे और सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। इसके बाद घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।

मामले में उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह की तहरीर पर भावनपुर थाने में ओमवीर, सचिन, अंकित, ज्योति, टीना, उज्ज्वल, निखिल, नीरज, दीपक, हर्ष, सुनील, कृष, आशीष, वंश, प्रदीप त्यागी, लाखन, मीतल, जगरेश समेत 20 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सीओ सदर देहात सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस कार्य में बाधा डालने और आरोपी को छुड़ाने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।