मेरठ साउथ रैपिड स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण आठ लोग लिफ्ट में फंस गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। घटना रविवार शाम की है, जब लिफ्ट अचानक रुक गई और अंदर मौजूद लोगों की स्थिति गंभीर हो गई। फंसे लोगों ने लिफ्ट में लगे कंट्रोल रूम के नंबर पर मदद के लिए कॉल किया और सीसीटीवी कैमरे के सामने इशारे भी किए, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लिफ्ट खोलकर सभी को बाहर निकाला।
इस दौरान, एक युवक संजीव कुशवाहा की हालत गंभीर हो गई, जिसे तुरंत सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फंसे लोगों में दिल्ली के रोहिणी निवासी रुबीना जफर, गाजियाबाद के विजय नगर की ज्योति और उनकी बहन संगीता, दिल्ली गेट निवासी कोमल अपनी दस वर्षीय बेटी वृंदा और एक वर्षीय बेटी काव्या, तथा कैलाशपुरी के संजीव कुशवाहा अपनी दो वर्षीय बेटी रूही के साथ थे। रुबीना ने बताया कि लिफ्ट अचानक रुकी और किसी बटन ने काम करना बंद कर दिया। अंदर मौजूद सभी लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
उन्होंने अपने भाई नबील और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के आने पर लिफ्ट चालू कर नीचे उतारा गया। बाहर आने के बाद संजीव बेहोश होकर गिर पड़े, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।