मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के अतराड़ा गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां जंगल में स्थित एक बंद पड़े 20 फीट गहरे कुएं से बोरे में बंद अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब 10 से 12 दिन पुराना बताया जा रहा है।
खेत में काम के दौरान मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, गांव अतराड़ा में गैस एजेंसी के पीछे स्थित श्रीनिवास पुत्र छिद्दा के खेत में कुछ मजदूर गेहूं की कटाई करने पहुंचे थे। काम के दौरान उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने आसपास जांच की तो पास ही एक बंद कुएं में प्लास्टिक का बोरा पड़ा मिला, जिसके आसपास कीड़े रेंगते दिखाई दिए। इसके बाद मजदूरों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी।
कुएं से मिला अज्ञात शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बोरे को कुएं से बाहर निकाला। अंदर लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान करना संभव नहीं हो सका। शव पर लाल रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
शव फेंकने की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल किठौर-हापुड़ मार्ग से करीब एक किलोमीटर अंदर स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन से शव को बोरे में बंद कर यहां लाकर कुएं में फेंका गया होगा।
पहले भी रहस्यमय घटनाएं
यह इलाका पहले भी इस तरह की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। वर्ष 2021 में भी अतराड़ा गांव के पास काली नदी किनारे एक गन्ने के खेत में बंद संदूक से 21 वर्षीय युवती का शव मिला था, जिसकी आज तक पहचान नहीं हो सकी।
हत्या की आशंका, जांच जारी
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को छिपाने के लिए बोरे में बंद कर कुएं में फेंका गया होगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।