मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर के जिला अस्पताल चौराहे पर स्थापित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। अपने आगमन के बाद वह सीधे स्मारक स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और फिर अनावरण किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद ने करीब 32 लाख रुपये की लागत से इस स्मारक का सौंदर्यीकरण कराया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
प्रतिमा के अनावरण के साथ ही पाल और धनगर समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। समाज के लोगों ने इसे अपने गौरव से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे।
इसके बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नुमाइश मैदान में आयोजित वृहद रोजगार मेले के उद्घाटन का है, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी भी शामिल होंगे। इस मेले के जरिए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने की योजना है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम सहारनपुर पहुंचेंगे। यहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुंदरपुर हेलीपैड पर उतरने के बाद गणेशपुर हेलीपैड, एलीवेटेड कॉरिडोर व्यू प्वाइंट और मां डाट काली मंदिर का निरीक्षण करेंगे। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वह मनोहरपुर में जनसभा स्थल का भी निरीक्षण करेंगे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री सरसावा एयरपोर्ट होते हुए सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां वह जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। रात में उनका विश्राम सर्किट हाउस में ही निर्धारित है। पूरे दौरे को लेकर प्रशासन दिनभर तैयारियों में जुटा रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।