मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरगढ़ में गुरुवार को एक विद्युत कर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय सावन पुत्र गोपीचंद, निवासी ग्राम कसियारा, ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत का कार्य कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि काम के दौरान कर्मी को यह आशंका थी कि लाइन पूरी तरह बंद है, लेकिन अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाने से वह तेज करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल कर्मचारी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है और स्थिति नाजुक बनी हुई है।


घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना पूरी जांच और सुरक्षा पुष्टि के लाइन में बिजली चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन ठीक से नहीं किया जा रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।