मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक इंस्टाग्राम रील को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बघरा योग आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्वामी यशवीर महाराज का आरोप है कि शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र से जुड़े शाहनवाज नामक युवक द्वारा स्कूल आने-जाने वाली नाबालिग हिंदू छात्राओं का रास्ता रोककर वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियां छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर गलत असर डाल सकती हैं।


उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि अगर सड़क पर पढ़ने जाने वाली बच्चियों को रोककर रील बनाई जाएगी तो इससे बेटियों और उनके परिवारों में डर का माहौल पैदा होगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।