मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में तैनात एक स्टाफ नर्स पर मरीज के तीमारदार से पैसे लेने का आरोप सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले में सीएमएस ने संबंधित नर्स को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया है और जांच शुरू कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार, शहर के प्रेमपुरी मोहल्ले के रहने वाले 25 वर्षीय आदित्य बुधवार रात बाइक से बाइपास के रास्ते घर लौट रहे थे। संधावली पुल के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

आरोप है कि इलाज के दौरान ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स सीमा ने मरीज के परिजनों से बेहतर देखभाल के नाम पर पैसे की मांग की। परिजनों द्वारा 200 रुपये दिए जाने पर नर्स ने कथित तौर पर कहा कि यह राशि पूरे स्टाफ में बांटी जाती है और इसमें हर किसी को थोड़ा-थोड़ा हिस्सा मिलता है। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान उसने यह भी कहा कि शुरुआत में 300 रुपये मांगे गए थे, जबकि 500 रुपये तक की मांग भी की जा सकती थी।

इस पूरी बातचीत का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएस डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि आरोपी नर्स को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।