सहारनपुर। चलती ट्रेन में यात्रियों के साथ बदसलूकी का एक मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक किन्नर यात्रियों से पैसे मांगते हुए उनसे अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि जब यात्रियों ने पैसे देने से इनकार किया तो स्थिति विवाद में बदल गई और कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी हुई।

यह घटना चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली ट्रेन संख्या 15904 की बताई जा रही है, जिसका वीडियो 16 अप्रैल की रात का है। ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने इस पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी किन्नर यात्रियों के साथ बहस करते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। ट्रेन में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिनके सामने कथित तौर पर अशोभनीय हरकतें की गईं, जिससे यात्रियों में असहजता और डर का माहौल बन गया। इतना ही नहीं, वीडियो में वह किसी को फोन कर बुलाने की धमकी देता भी नजर आ रहा है और सहारनपुर स्टेशन पर उतरने की बात कह रहा है।
मामला सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) हरकत में आ गया है। अंबाला डिवीजन के अधिकारियों ने बताया कि वीडियो के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच जारी है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरपीएफ सहारनपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र मीणा के अनुसार, मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों में नियमित चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं।