मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा क्षेत्र स्थित शुक्रताल में शुक्रवार रात एक दुखद हादसा हो गया। मकान के निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक, भोकरहेड़ी निवासी 19 वर्षीय विपिन शुक्रताल में एक मकान का लिंटर डालने के काम में जुटा हुआ था। काम के दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ा।


आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालते हुए इलाज के लिए भोपा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है।