मुजफ्फरनगर: मीरापुर क्षेत्र के कुतुबपुर गंगनहर में लापता चल रहे सब्जी व्यापारी पंकज खुराना का शव बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वह पिछले तीन दिनों से घर से गायब थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पंजाबी कॉलोनी निवासी पंकज खुराना रविवार सुबह करीब 9 बजे अपनी मोपेड से घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि वह सत्संग में जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
सोमवार को उनकी मोपेड कुतुबपुर गंगनहर के झाल के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से गंगनहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जांच के दौरान पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज सामने आए, जिनमें पंकज खुराना अपनी मोपेड सहित अनियंत्रित होकर गंगनहर में गिरते हुए नजर आए। इसके आधार पर तलाश तेज की गई और मंगलवार को उनका शव गंगनहर से बरामद कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।