मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात सामने आई है। भोपा रोड स्थित एक मॉडल शॉप के बाहर खड़ी बाइक को एक नकाबपोश युवक कुछ ही सेकंड में चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी चेहरा ढककर मौके पर पहुंचता है और कुछ देर आसपास की स्थिति का जायजा लेने के बाद मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो जाता है। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने पर बाइक मालिक ने तत्काल नई मंडी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
CCTV के आधार पर जांच तेज
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। नई मंडी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोर को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।