मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे एक शातिर चोर को वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी गौशाला रोड क्षेत्र की मोबाइल दुकानों की रेकी कर रहा था और चोरी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।

आबकारी चौकी प्रभारी शशि कपूर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ आरिस पुत्र अकबर, निवासी गढ़ीपुख्ता (शामली) और वर्तमान में राशिद गेट, लोनी (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। उसे गौशाला मोहल्ला स्थित पानी की टंकी के पास से देर रात दबोचा गया।


तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है और उसका मुख्य टारगेट मोबाइल की दुकानें ही रही हैं।

आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा

पुलिस के अनुसार आरिफ के खिलाफ शामली जिले के कांधला थाने में मोबाइल चोरी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। अब पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

अभियान के तहत मिली सफलता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते गिरफ्तारी न होती तो आरोपी शहर में मोबाइल चोरी की एक और वारदात को अंजाम दे सकता था।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।