मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र स्थित गंगनहर पुल पर बुधवार दोपहर एक होमगार्ड ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू शुरू कराया और पीएसी बाढ़ राहत दल की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, छपार थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहा निवासी 55 वर्षीय आनंद कुमार, जो मुजफ्फरनगर ट्रैफिक पुलिस में होमगार्ड के रूप में तैनात थे, बुधवार दोपहर भोपा पुल पर पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने अपनी बाइक पुल की पश्चिमी पटरी पर खड़ी की और कुछ देर तक असहज स्थिति में वहां टहलते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पुराने पुल की रेलिंग और तारबाड़ को पार करते हुए बीच हिस्से तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल फोन और पर्स पुल किनारे रखकर अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे इलाके में भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर
सूचना मिलते ही सीओ देवव्रत वाजपेयी और थाना प्रभारी आशुतोष सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मोबाइल और पर्स से मिले दस्तावेजों के आधार पर होमगार्ड की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया।
पहले से नहर में एक अन्य व्यक्ति अलीशान की तलाश में जुटी मेरठ की 44वीं पीएसी बाढ़ राहत टीम ने आनंद की खोज भी शुरू कर दी है। इसके अलावा गोताखोरों की टीम भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पारिवारिक जानकारी और कारण
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि आनंद कुमार पिछले कुछ समय से घरेलू विवादों से जूझ रहे थे। उनके परिवार में पत्नी कविता देवी और दो विवाहित पुत्र राहुल कुमार और सोनू कुमार हैं।
पुलिस की पुष्टि
क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि गंगनहर में होमगार्ड आनंद कुमार की तलाश जारी है और पीएसी व गोताखोरों की टीम संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।