मुजफ्फरनगर में सीबीएसई 10वीं के नतीजों ने मेधावी छात्रों की मेहनत और प्रतिभा को उजागर किया है। होली एंजेल्स कॉन्वेंट स्कूल के छात्र अहम गर्ग ने 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया है। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूलों और परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

बुधवार को सीबीएसई ने कक्षा 10वीं के प्रथम चरण के नतीजे जारी किए, जिसके बाद सफल छात्रों में उत्साह देखने को मिला। इस बार विभिन्न स्कूलों की मेरिट सूची में छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। होली एंजेल्स स्कूल की छात्रा मिधा ने 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, सिल्वर ओक पब्लिक स्कूल पीनना के आदित्य देशवाल ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए। होली एंजेल्स स्कूल की ही सारा मित्तल और आर्या अग्रवाल ने संयुक्त रूप से 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा साबित की। शाश्वत पब्लिक स्कूल सिसौली की छात्रा खुशी तायल ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर मेरिट में जगह बनाई।

स्कूल प्रशासन की ओर से बताया गया कि परिणामों के बाद छात्रों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया, साथ ही उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।


बिना कोचिंग के हासिल की बड़ी सफलता

जिला टॉपर अहम गर्ग ने बताया कि उन्होंने रोजाना करीब 4 से 5 घंटे की नियमित पढ़ाई की और किसी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। वे यू-ट्यूब जैसे ऑनलाइन माध्यमों से भी पढ़ाई में मदद लेते थे। अहम का कहना है कि नियमित अभ्यास और स्कूल में दिए गए कार्यों को समय पर पूरा करना उनकी सफलता की कुंजी रहा।

अहम ने आगे बताया कि उनका लक्ष्य आईआईटी मुंबई से पढ़ाई करना है और इसके लिए वह जेईई की तैयारी में पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं।

उनके पिता विजय कुमार, जो पेशे से शेयर ब्रोकर हैं, और माता मीनाक्षी ने बताया कि अहम शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती रहे हैं। छोटे भाई व्योम गर्ग ने इस वर्ष नौवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। परिणामों के बाद पूरे परिवार में उत्साह और गर्व का माहौल है।