मुजफ्फरनगर। जिले के दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान नकल कराने के आरोप सामने आने के बाद परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा केंद्र पर तैनात एक सिपाही के पास मोबाइल फोन पाया गया, लेकिन उस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई।


कक्ष संख्या 23 में गड़बड़ी का आरोप

परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या 23 में मोबाइल फोन के जरिए प्रश्नों के हल कराने में मिलीभगत की गई। आरोप है कि संदिग्ध व्यक्ति को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा भी गया, लेकिन मामले को दबाने की कोशिश की गई और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अभ्यर्थियों ने उठाई जांच की मांग

परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसी घटनाओं पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर असर पड़ेगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद मोबाइल फोन का इस्तेमाल परीक्षा नियमों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।