मुजफ्फरनगर में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक तेज और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बुधवार शाम रिजर्व पुलिस लाइन से डायल-112 सेवा की 12 नई दोपहिया पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन आधुनिक बाइक पीआरवी का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों में तुरंत पुलिस सहायता पहुंचाना है, जहां चारपहिया वाहन पहुंचने में कठिनाई होती है। संकरी गलियां, भीड़भाड़ वाले बाजार और जाम प्रभावित इलाके अब इन वाहनों की मदद से तेजी से कवर किए जा सकेंगे, जिससे पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि हर सूचना पर तुरंत, गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटना, चोरी, मारपीट और अन्य आपात मामलों में पीड़ितों तक समय पर मदद पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसएसपी ने कहा कि यूपी-112 सेवा जनता और पुलिस के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम है और नई बाइक पीआरवी इस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगी।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, डायल-112 प्रभारी ओमप्रकाश सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।