में भीषण गर्मी के बीच लोगों को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दिनभर अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज ने शहरवासियों को परेशान किया, वहीं अब बिजली विभाग ने गुरुवार के लिए चार घंटे का शटडाउन घोषित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार 21 मई को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक 33/11 केवी जानसठ रोड उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी एटूज़ेड फीडर पर काम किया जाएगा। इस दौरान बिजनेस प्लान और फीडर विभक्तिकरण के चलते कई इलाकों में पूरी तरह बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने लोगों से पहले से जरूरी इंतजाम करने की अपील की है।


बुधवार को शहर के कई हिस्सों में बिजली की आंखमिचौली ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। जहां बिजली आई भी, वहां लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही, जिससे कूलर और एसी तक बेअसर हो गए। लोगों का कहना है कि कागजों में 24 घंटे बिजली का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत में लगातार कटौती और तकनीकी दिक्कतें सामने आती हैं।

इधर, विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सुरेंद्र नगर बिजलीघर से जुड़े एटूज़ेड और वसुंधरा फीडर पर अचानक लोड बढ़ने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई। लोड 190 एम्पियर से बढ़कर 300 एम्पियर तक पहुंच गया, जिससे बार-बार फॉल्ट की स्थिति बनी।

इसके अलावा पचेड़ा क्षेत्र में ट्रांसमिशन ब्रेकर में खराबी के चलते भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभाग ने कहा कि टीमें लगातार फॉल्ट सुधारने में लगी हैं और लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।