मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मदीना कॉलोनी में एक विवाहिता से सड़क पर मारपीट का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता रेशमा का आरोप है कि उसके पति अफसान, देवर शमशाद और ननद मिलकर उसे बच्चों सहित घर से निकालने का दबाव बना रहे हैं। उसके तीन नाबालिग बच्चे हैं और वह लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति अपने हिस्से का मकान छोटे भाई के नाम करने की कोशिश कर रहा है, जिस पर अदालत में मामला भी विचाराधीन है।

रेशमा के अनुसार, विवाद के चलते मकान का कथित रूप से बैनामा कर दिया गया और बिजली कनेक्शन भी कटवा दिया गया, जिससे उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। महिला ने कहा कि उसका पति लंबे समय से परिवार का खर्च नहीं उठा रहा है और उसे बच्चों के पालन-पोषण के लिए मायके पर निर्भर रहना पड़ता है।


पीड़िता ने देवर शमशाद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह अक्सर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और अश्लील हरकतें करता है। एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए महिला ने बताया कि 7 अप्रैल 2026 की रात भी उसके साथ अभद्रता की गई थी।

आरोप है कि बुधवार को पति अफसान, देवर शमशाद और ननद आमना उसके कमरे में पहुंचे और मकान खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पति ने उसे घसीटते हुए सड़क तक ले जाकर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है। पीड़िता ने पुलिस से मेडिकल जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।