मुजफ्फरनगर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ और ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत जानसठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पकड़ा और बाद में न्यायालय में पेश किया।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहल्ला गंज निवासी मुनेश पुत्र रामस्वरूप, टूइया उर्फ ऋषिपाल पुत्र झबरू, ग्राम चितौड़ा निवासी रोहित पुत्र पप्पू और मोहल्ला गंज निवासी सुशीला पुत्र झबरू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन सभी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी थे और ये लंबे समय से फरार चल रहे थे।


पुलिस ने बताया कि मुनेश, टूइया उर्फ ऋषिपाल और सुशीला के खिलाफ वाद संख्या 2575/24 तथा मुकदमा अपराध संख्या 635/17 के तहत धारा 147, 332 और 353 भादवि में कार्रवाई चल रही थी। वहीं रोहित के खिलाफ वाद संख्या 978/25 और मुकदमा अपराध संख्या 105/25 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह और थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज शर्मा, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल जीत सिंह, कांस्टेबल पिंकू शर्मा और कांस्टेबल विष्णु शामिल रहे।