मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित रुड़की रोड पुलिस चौकी में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर चौकी परिसर में खड़े कई सीज और आपराधिक मामलों से जुड़े वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे काले धुएं का गुबार आसमान तक उठता दिखाई दिया। आग की लपटें दूर-दूर तक नजर आने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कई वाहन जल चुके थे।

पुलिस चौकी इंचार्ज दीपक कुमार ने बताया कि आग में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों का रिकॉर्ड मिलान किया जा रहा है। साथ ही मालखाना प्रभारी को भी मौके पर बुलाकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में 3 से 4 वाहनों के आग की चपेट में आने की पुष्टि हुई है, जिन्हें समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान के अनुसार किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई जलती हुई बीड़ी या सिगरेट से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक रूप से कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।