मुजफ्फरनगर में मेरठ–करनाल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक मिनी ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना फुगाना थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे उस समय हुई, जब धागों के बंडल से लदी डीसीएम चलते-चलते आग की चपेट में आ गई।

जानकारी के अनुसार, वाहन करनाल से मेरठ की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण हाईवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया।

बताया जा रहा है कि आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

बुढ़ाना से दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, वहीं फुगाना पुलिस ने भी स्थिति को नियंत्रित किया। आग की तीव्रता को देखते हुए ट्रक को खाली कराने के लिए जेसीबी मशीन भी मंगाई गई। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था, जिसमें लदे धागों के बंडल भी पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन मुरादाबाद निवासी शमशेर खान के नाम पर पंजीकृत है।

फिलहाल चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।