मुजफ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र के दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में रविवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब स्थानीय लोगों ने विरोध स्वरूप अपने घरों के बाहर “मकान बिकाऊ है” के पोस्टर लगा दिए। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रस्तावित मोबाइल टावर का निर्माण नहीं रोका गया तो वे मोहल्ला छोड़ने को मजबूर होंगे।

यह पूरा विवाद एक भाजपा नेता के आवास पर लगाए जा रहे नए मोबाइल टावर को लेकर शुरू हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में तीसरा मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, जबकि पहले से ही दो टावर क्षेत्र में मौजूद हैं। लोगों का आरोप है कि इससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है और यह पूरी तरह से सुरक्षा के लिहाज से गलत निर्णय है।


रविवार शाम करीब 5 बजे बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी अपनी समस्या लेकर सांसद हरेंद्र मलिक से भी मिले और टावर निर्माण पर रोक लगाने की मांग रखी। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस मकान पर टावर लगाया जा रहा है, वह केवल 12 फीट चौड़ी गली में स्थित है और उसकी संरचना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि भवन तकनीकी मानकों और भूकंपरोधी सुरक्षा नियमों पर खरा नहीं उतरता, जिससे किसी भी दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।


निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि टावर स्थल के आसपास कई स्कूल और शिक्षण संस्थान हैं, जहां बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में किसी भी संभावित रेडिएशन या दुर्घटना का असर सीधे बच्चों और परिवारों पर पड़ सकता है। लोगों का कहना है कि निजी हितों के लिए पूरे क्षेत्र की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।