मुजफ्फरनगर में यातायात पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन भी सख्ती के साथ जारी रहा। गुरुवार को खराब मौसम और हल्की बारिश के बावजूद पुलिस टीम सड़क पर डटी रही और अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 127 वाहनों के चालान किए गए।
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात प्रभारी राकेश कुमार की टीम द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के दौरान मीनाक्षी चौक, आर्य समाज रोड, महावीर चौक और प्रकाश चौक क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानों के बाहर फैला सामान, अस्थायी कब्जे और सड़क पर खड़े अवरोधों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया गया।
इस दौरान पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके और आवागमन सुचारु बना रहे।
नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान जनहित में चलाया जा रहा है और आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।