मुजफ्फरनगर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम नगर पालिका परिषद और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने रुड़की रोड स्थित बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया और कुछ दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।

अभियान के दौरान टीम ने डिस्पोजेबल सामान के थोक विक्रेताओं, आइसक्रीम पार्लरों, कपड़ा शोरूम, हैंडलूम प्रतिष्ठानों समेत करीब 16 दुकानों का निरीक्षण किया। जांच में कई स्थानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री जैसे ग्लास, प्लेट, कटोरी और अन्य उत्पाद पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।


अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी भगत सिंह रोड और नई मंडी क्षेत्र में इसी प्रकार की कार्रवाई की जा चुकी है। शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक योगेश कुमार के अनुसार अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले एक दुकानदार पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही उसे भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग या भंडारण न करने की चेतावनी भी दी गई।


जब्त की गई प्लास्टिक सामग्री को फिलहाल नगर पालिका के स्टोर में सुरक्षित रखा गया है। बाद में इसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इसे मेरठ भेजा जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर जुर्माना व जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।