मुजफ्फरनगर। थाना छपार क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया और चैटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को झांसे में लेकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया।
चैटिंग ऐप के जरिए रची गई थी साजिश
एसपी सिटी Amrit Jain ने बताया कि गाजियाबाद निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, कुछ लोगों ने चैटिंग ऐप के जरिए उससे संपर्क किया और मोटरसाइकिल खरीदने का बहाना बनाकर उसे छपार क्षेत्र में बुलाया।

जैसे ही युवक मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली।
पुलिस कार्रवाई में मुठभेड़, एक आरोपी घायल
घटना के खुलासे के लिए थाना छपार प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन ट्रेस होने पर घेराबंदी की गई।
खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जुहैब, निवासी सफरपुर (थाना गंगनहर, रुड़की) गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अहमद (रुड़की) और साईम (बागोवाली, नई मंडी) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
लूट का सामान बरामद, गैंग की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी एक ‘गे-ऐप’ के माध्यम से जुड़े थे, जहां हुई बातचीत के आधार पर युवक को सुनियोजित तरीके से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है।