मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में अर्दली रूम आयोजित कर विभागीय व्यवस्थाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों, कार्यालयी रिकॉर्ड और कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रिकॉर्ड के रखरखाव, दस्तावेजों के अद्यतन होने की स्थिति तथा शाखाओं में चल रहे कार्यों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख व्यवस्थित ढंग से संधारित किए जाएं और समय-समय पर उन्हें अपडेट रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर आवश्यक जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

रिकॉर्ड प्रबंधन को और बेहतर बनाने के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान शाखाओं में तैनात कर्मचारियों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने के संबंध में भी आवश्यक सुझाव और निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि बेहतर रिकॉर्ड व्यवस्था विभागीय कार्यों की गुणवत्ता और दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अर्दली रूम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।