मुजफ्फरनगर। बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने जिले की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा।
आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली के तार टूट गए और ट्रांसफार्मरों में फॉल्ट आने से सप्लाई बाधित हो गई। ऊर्जा निगम के अनुसार जिलेभर में करीब 395 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 112 ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।

सबसे ज्यादा असर बेगराजपुर 132 केवीए सब स्टेशन के आसपास देखने को मिला, जहां पेड़ टूटकर मुख्य बिजली लाइन पर गिर गया। इससे चार प्रमुख लाइनों में फॉल्ट आ गया और महावीर चौक तथा सुजड़ू बिजली घरों से आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई।
भोपा रोड क्षेत्र और मंडी इलाके में भी पेड़ों के बिजली लाइनों पर गिरने से कई कॉलोनियों में अंधेरा छा गया। आईटीआई के पास भी पेड़ गिरने से आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहा।
अचानक हुई इस आपदा से शहर की लगभग तीन दर्जन से अधिक आवासीय कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। ऊर्जा निगम की टीमों ने रात में ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।
अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव ने बताया कि आंधी के कारण व्यापक स्तर पर फॉल्ट हुए, जिससे आधे से अधिक शहर की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि विभिन्न टीमें देर रात तक फॉल्ट दुरुस्त करने में जुटी रहीं और कई इलाकों में रात करीब तीन बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई।
निगम के अनुसार कुछ क्षेत्रों में सप्लाई को वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सुचारू किया गया है और शेष इलाकों में मरम्मत कार्य तेजी से जारी है।