मुजफ्फरनगर के थाना खालापार पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी पीड़ित परिवार का ही करीबी रिश्तेदार निकला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 लाख 50 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें दो कंगन, एक अंगूठी और एक माथे का टीका शामिल है।
घटना 26 से 28 अप्रैल के बीच की बताई जा रही है, जब सुजड़ू क्षेत्र के जहांगीर पट्टी निवासी जुबैर पुत्र खालिद का परिवार एक कार्यक्रम में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में रखे लॉकर को निशाना बनाते हुए लगभग 7 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात चोरी कर लिए थे।
घटना के बाद 29 अप्रैल को पीड़ित जुबैर ने थाना खालापार में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उपनिरीक्षक विकास सिंघल के नेतृत्व में जांच टीम गठित की और छानबीन शुरू की।
जांच के दौरान 30 अप्रैल को पुलिस को एक अहम सूचना मिली, जिसके आधार पर शामली बाईपास स्थित वहलना पुल के नीचे से आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पीड़ित परिवार का परिचित है और उसे घर में रखे नकदी व जेवरात की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं बढ़ाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।