मुजफ्फरनगर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के आरोप को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हो गया। रुड़की रोड स्थित बिजलीघर के पास एक खोखे पर महिला और बुजुर्ग के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मौके पर पुलिस को पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि ‘आरके टी स्टॉल’ नाम से चल रहे इस खोखे पर अवैध रूप से शराब बेची जाती है। लोगों का कहना है कि यहां शराब खरीदने वालों को बैठाकर पिलाया भी जाता है। मौके पर पड़े देशी शराब के खाली टेट्रा पैक दिखाते हुए लोगों ने दावा किया कि शाम होते ही यहां शराबियों का जमावड़ा लग जाता है।

इसी मुद्दे को लेकर एक महिला ने बुजुर्ग पर आरोप लगाया कि वह यहां लोगों को शराब पीने के लिए इकट्ठा करते हैं। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने गुस्से में अपनी चप्पल तक निकाल ली।

दूसरी ओर बुजुर्ग ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह शराब का कोई कारोबार नहीं करते। उनका कहना था कि कुछ लोग खुद ही वहां आकर बैठ जाते हैं, जिससे गलतफहमी पैदा हो रही है।

दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और हाथापाई की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने पहले मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया। बताया जा रहा है कि इसी इलाके में सोमवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव भी मिला था। आशंका जताई जा रही थी कि उसकी मौत अत्यधिक शराब सेवन के कारण हुई है। इसके बाद से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला और बुजुर्ग के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी दोनों के बीच पहुंचकर मामला शांत कराने की कोशिश करता नजर आ रहा है।