मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना परिसर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब कुछ महिलाएं पुलिस कार्रवाई के विरोध में वहां पहुंचीं और हंगामा करने लगीं। महिलाओं ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई और पैसे लेकर एकतरफा रवैया अपनाने के आरोप लगाए।

हंगामे के दौरान महिलाओं ने यह भी आशंका जताई कि पुलिस उनके परिजनों का एनकाउंटर कर सकती है, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। थाना परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

यह पूरा मामला भिक्की गांव में एक दिन पहले हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें मुजाहिद अब्बास और नजफ अली गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


थाना प्रभारी विजय कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था। इसी दौरान परिजन, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर पहुंच गईं और पुलिस वाहन को नहर की ओर जाते देख उन्हें गलतफहमी हो गई कि आरोपियों को एनकाउंटर के लिए ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि स्थिति को समझाकर महिलाओं को शांत किया गया और उन्हें घर वापस भेज दिया गया। हालांकि, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।