मुजफ्फरनगरा इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के संघर्ष पूर्ण दौर में आज भी प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता बनी हुई है। प्रिंट मीडिया समाज में अपना उत्तरदायित्व निर्वहन करने में किसी से पीछे नहीं है।
ये विचार नगर के समाचार पत्र सच्चाई अभी तक के प्रकाशन के 15 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विमोचन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व अध्यक्ष, आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड, उत्तर प्रदेश डॉ. सुभाषचन्द्र शर्मा ने व्यक्त किये। समाचार पत्र सच्चाई अभी तक एवं समाचार चैनल अभी तक के प्रधान संपादक एवं संचालक आशीष यादव के कठोर परिश्रम, पत्रकारिता के प्रति उनकी अटूट लगन की सराहना करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि सच्चाई का रास्ता कांटा भरा है। सत्ता को सच्चाई सुनना नहीं सुहाता। सच्चाई का रास्ता सतत संघर्ष का रास्ता है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने कहा कि मीडिया वास्तविकता को सामने लाने में हिचकती है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए मीडिया को सदा सच्चाई को सामने रख अपना कर्तव्य पालन करना चाहिए।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, समाजसेवी सत्यप्रकाश रेशु, प्रकाश सुना, नवाज देवबंदी, रामनाथ सिंह, विकास बालियान, राकेश टिकैत, जहीर फारूकी, राकेश शर्मा ने भी मीडिया की भूमिका पर विचार प्रकट किये।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन ठाकुर रामनाथ सिंह, विकास बालियान, किशोर गोयल, विजय गिरी, विनीत शर्मा, नीलम शर्मा, प्रमोद त्यागी, जिला आधिकारी उमेश मिश्रा की समारोह में भागीदारी रही।
इस अवसर पर सच्चाई अभी तक के संपादक आशीष यादव, डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, समाजसेवी कुंवर देवराज पंवार और गीता जैन ने आदर्श एवं रचनात्मक पत्रकार दैनिक देहात के संपादक गोविन्द वर्मा को शाल ओढ़ा कर और मैमंटम देकर सम्मानित किया। अन्य पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
नगर की प्रमुख शिक्षण संस्था श्रीराम कॉलेज के सभा भवन में यह शानदार कार्यक्रम संपन्न हुआ जिसमें जनपद के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संचालन विपुल भटनागर ने कुशलतापूर्वक किया।