मुजफ्फरनगर: शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव नाले में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गोयला गांव निवासी 28 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रोहित ने एक दिन पहले ही अपने बेटे का जन्मदिन परिवार के साथ धूमधाम से मनाया था। समारोह के बाद वह घर से बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका।

रविवार दोपहर ग्रामीणों ने गांव के पास जंगल क्षेत्र में स्थित नाले में एक शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची भीड़ ने शव की पहचान रोहित के रूप में की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शाहपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है और गले पर मिले निशानों के आधार पर गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। मृतक के पिता मेहर सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे की मांग की। परिजनों का कहना है कि रोहित की हत्या की गई है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।