मुजफ्फरनगर के शाहपुर स्थित कन्या इंटर कॉलेज में रविवार को नवगठित इंटरेक्ट क्लब की ओर से मातृत्व दिवस और जनगणना सर्वेक्षण के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए।

कार्यक्रम का संचालन रिंकी रानी ने किया। इसमें विद्यालय के विभिन्न सदनों—कल्पना चावला, लक्ष्मीबाई, लता मंगेशकर और किरण बेदी सदन की छात्राओं ने सहभागिता की।
छात्राओं ने मातृत्व दिवस और जनगणना सर्वेक्षण विषय पर नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिनमें मां के सम्मान, परिवार में उनकी भूमिका और जनगणना के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। प्रस्तुतियों ने मौजूद अध्यापिकाओं और छात्राओं को भावुक कर दिया।
विद्यालय प्रबंधक अरविंद गुप्ता और प्रधानाचार्या उषा अस्थाना ने छात्राओं की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ सामाजिक जागरूकता भी पैदा करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।