मुजफ्फरनगर: समाजवादी पार्टी के सांसद हरेन्द्र मलिक ने सोमवार को 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े राजनीतिक वादे और बयान दिए। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनती है तो प्रदेश में स्मार्ट मीटर हटाए जाएंगे, उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी और गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

सांसद मलिक ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जबरन की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद लोगों को अधिक बिजली बिल थमाए जा रहे हैं और मामूली बकाया पर भी कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता इन नीतियों से त्रस्त है और 2027 के चुनाव में इसका जवाब देगी। मलिक ने यह भी संकेत दिया कि इन मुद्दों को लेकर जल्द ही मुजफ्फरनगर में बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी तैयारी पार्टी स्तर पर चल रही है।
इस मौके पर युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, महानगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र उर्फ बॉबी त्यागी, वरिष्ठ नेता सोमपाल भाटी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने भी स्मार्ट मीटर और अन्य नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरने की बात कही।
गन्ना किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए हरेन्द्र मलिक ने कहा कि प्रदेश की कई चीनी मिलों पर किसानों का भुगतान लंबित है, लेकिन सरकार कार्रवाई करने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर कानून व्यवस्था भी प्रभावी नहीं दिख रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा सरकार बनने पर समयबद्ध भुगतान के लिए सख्त कानून लागू किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल पर भी गंभीर आरोप लगाए। मलिक ने कहा कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाकर निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है, जबकि असली दोषी बच निकलते हैं।
उन्होंने रुड़की चुंगी पुलिस चौकी क्षेत्र के एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि एक निर्दोष व्यक्ति को जेल भेज दिया गया, जबकि असली आरोपियों को छोड़ा गया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि एक अन्य प्रकरण में एसपी सिटी अमृत जैन के हस्तक्षेप के बाद सही कार्रवाई हुई।