मुजफ्फरनगर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण में किया गया, जबकि क्षेत्राधिकारी यातायात रविंद्र प्रताप सिंह और प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला। टीम ने महावीर चौक से लेकर प्रकाश चौक, रोडवेज बस अड्डा, कोर्ट रोड, अंबेडकर चौराहा, झांसी की रानी चौक, आलू मंडी और शिव चौक तक सघन कार्रवाई की।

इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जिससे कई जगहों पर यातायात की स्थिति में सुधार देखा गया। अभियान के चलते जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिली।

इसके साथ ही नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 228 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह जनहित में की गई है, ताकि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट का प्रयोग करें, ओवरलोडिंग से बचें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।