मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े मारपीट की एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने दूसरे युवक पर डंडे से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक लगातार दूसरे युवक पर डंडों से हमला कर रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
घटना के वीडियो के संज्ञान में आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले आरोपी वसीम पुत्र सलीम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और मौके पर मौजूद अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हिंसक घटनाओं को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।