वाराणसी: जिले में मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष और हनुमान चालीसा फेम नाजनीन अंसारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विवादित बयान पर आपत्ति जताई है। स्वामी ने कहा था कि “इन्द्रेश कुमार ने 10 लाख हिंदू लड़कियों की शादी मुस्लिम घरों में कराई है।” नाजनीन अंसारी ने इसे पूरी तरह झूठ करार देते हुए लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
नाजनीन अंसारी अपने अधिवक्ता डॉ. आत्म प्रकाश सिंह, डॉ. नजमा परवीन, युवा परिषद के यूपी प्रमुख विवेकानंद सिंह और जिला प्रमुख सत्यम राय के साथ थाने पहुंचीं। वहां एसआई प्रभाकर सिंह को शिकायत पत्र सौंपा गया। उन्होंने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अपनी राजनीतिक पहचान चमकाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं और आरोप लगाने से पहले उन्हें साबूत भी पेश करने चाहिए।
महिलाओं का विरोध प्रदर्शन
स्वामी के इस बयान से नाराज महिलाओं ने वाराणसी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दलित महिला परिषद ने लमही के मुंशी प्रेमचंद स्मृति द्वार पर जमकर विरोध जताया। इससे पहले दलित महिलाओं की नेता खुशी रमन के नेतृत्व में मुंशी प्रेमचंद स्मारक से स्मृति द्वार तक आक्रोश मार्च निकाला गया।
हाथों में तख्तियां और भिंची हुई मुट्ठियों के साथ, ड्रम की थाप पर महिलाओं ने नारे लगाते हुए स्वामी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने स्पष्ट कर दिया कि ऐसे आरोप सत्य और समाज के लिए अपमानजनक हैं।