लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रविवार को एक साथ प्रदेशभर के पुलिस लाइन, पीएसी बटालियन और प्रशिक्षण केंद्रों पर आरक्षी नागरिक पुलिस की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी ली और नव आरक्षियों तथा उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से महिला आरक्षियों के प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कड़े प्रशिक्षण के बाद यह नया पुलिस बल तैयार हुआ है, जो प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण होता है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि “प्रशिक्षण में जितना पसीना बहाया जाएगा, मैदान में उतना ही कम खून बहता है।”
सीएम योगी ने बताया कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही पीएसी की तीन महिला बटालियन का गठन भी किया गया है, जिससे महिला सुरक्षा को और मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराध और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई है, जिसके परिणामस्वरूप कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिला है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब प्रदेश में दंगे नहीं होते और माफिया राज पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस बल का मनोबल पहले से अधिक मजबूत हुआ है और जनता का भरोसा भी बढ़ा है।