केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज देश का सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान संस्कृति और संस्कारों की धरती प्रयागराज से शुरू हो रहा है। इसकी सफलता के लिए लिए आपको बलिदान नहीं देना है, बल्कि सिर्फ आपके योगदान की जरूरत है। वह शुक्रवार को मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित स्वच्छता अभियान समारोह का उद्घाटन करने यहां आए थे। अभियान एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक चलेगा। इसकी औपचारिक शुरुआत करने के बाद मंत्री ने कहा कि वह अब हर दिन किसी न किसी जिले में इस अभियान में शिरकत करेंगे। उन्होंने अभियान को शुरू करने का कारण भी बताया।
कहा कि यहां से शुरू होने वाले हर अभियान पूरे होते हैं। अनुराग ठाकुर ने समारोह में बताया कि वह छह अक्टूबर 2010 को वो प्रयागराज आए थे। तब कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा था। उसी दिन यहां से संकल्प लिया और पश्चिम बंगाल से कश्मीर तक की यात्रा निकाली और लाल चौक पर तिरंगा फहराया। यह प्रयागराज की धरती से मिली ताकत का परिणाम रहा। उन्होंने जापान का उदाहरण दिया और कहा कि खेल के दौरान जब उसके खिलाड़ी हार गए, इसके बाद भी स्टेडियम और ड्रेसिंग रूम चमका कर निकले, जब वो संदेश दे सकते हैं तो भारत के लोग क्यों नहीं।
कुंभ में यहां दुनिया से 24 करोड़ लोग आए। यहां से यह अभियान शुरू होगा तो दुनिया में इसका संदेश जाएगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वो स्वच्छता अभियान में जुड़ें और सोशल मीडिया पर इस संदेश को प्रचारित करें। बताया कि अभियान के दौरान देशभर से 75 लाख किलो सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र करने का संकल्प है। मंत्री ने कहा कि वह अपना रिपोर्ट कार्ड फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्वीटर पर अपडेट करेंगे। युवा उन्हें फॉलो करें और अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करें। उन्होंने युवाओं को स्वच्छता के मामले में प्रयागराज को नंबर वन बनाने की शपथ भी दिलाई।
समारोह में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दो अक्तूबर 2014 को जब लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथ में झाड़ू लेकर स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत का नारा दिया तो बच्चा-बच्चा इस अभियान से जुड़ गया। इस अभियान को जन सहभागिता से जनांदोलन बनाया जाएगा और हर गांव और हर मोहल्ले को स्वच्छ बनाया जाएगा। उन्होंने दिव्य और भव्य कुंभ को याद दिलया और कहा कि यहां 24 करोड़ लोग आए पर कहीं गंदगी नहीं दिखी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता कर्मियों के पांव पखारे। प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि त्रिवेणी के से अभियान की शुरूआत हो रही है। यह प्रयागराज के लिए गौरव की बात है। आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस दिशा में काम किया जा रहा है। समारोह में सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, सचिव युवा कल्याण ऊषा शर्मा, मंडलायुक्त संजय गोयल व सीडीओ शिपू गिरि, नेहरू युवा केंद्र की जिला कार्यक्रम अधिकारी जागृति पांडेय आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया।