सहारनपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बीएलओ के रूप में तैनात सिंचाई विभाग के वरिष्ठ सहायक दुष्यंत सिंह मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से चल बसे। उनकी तैनाती नुमाइश कैंप स्थित पानी की टंकी के पास पूर्व माध्यमिक विद्यालय में थी, जहां हाउस टैक्स कैशलेस केंद्र और एसआईआर से जुड़ी जनसुनवाई चल रही थी।
सुबह ड्यूटी पर पहुंचे दुष्यंत सिंह दोपहर तक काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। तुरंत ही कर्मचारियों ने उन्हें जिला अस्पताल ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
दुष्यंत सिंह के परिवार के लिए यह भारी क्षति है। उनकी पत्नी करीब आठ साल पहले ही चल बसी थीं और परिवार में उनकी बुजुर्ग मां और दो छोटे बच्चे हैं। दुष्यंत सिंह ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
घटना की खबर मिलते ही विभागीय कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी शोक में डूब गए। सभी ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस मुश्किल समय में सहयोग का आश्वासन दिया।