सहारनपुर के चर्चित पूनम मित्तल हत्याकांड में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मुठभेड़ के बाद पकड़े गए, जिनमें से एक मृतका का पड़ोसी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार सुबह अंबेहटा-नकुड़ मार्ग पर नल्हेडा गांव के पास नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय दोनों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी सलमान के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी अंकुर मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने पूनम मित्तल की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अंकुर मृतका का पड़ोसी है और दोनों आरोपी अंबेहटा क्षेत्र के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और साक्ष्य जुटाने का काम जारी है।