उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को समाजवादी पार्टी और बुनकर मजदूर विकास समिति से जुड़े करीब 30 पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों और कार्यकर्ताओं ने सुभासपा का दामन थाम लिया। पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर की मौजूदगी में सभी को सदस्यता दिलाई गई।
सपा के राष्ट्रीय सचिव भी शामिल
पार्टी में शामिल होने वालों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जावेद आलम का नाम प्रमुख रहा। इसके अलावा बुनकर मजदूर विकास समिति के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से जुड़े कार्यकर्ता भी सुभासपा में शामिल हुए। इनमें दिल्ली, गाजियाबाद, बिजनौर, शाहदरा, प्रतापगढ़, अमरोहा और लखनऊ के नेता शामिल बताए गए हैं।
संगठन विस्तार पर जोर
अरुण राजभर ने कहा कि सुभासपा लगातार मजबूत हो रही है और विभिन्न वर्गों से लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी का जनाधार और तेजी से बढ़ेगा।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान अरुण राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर भी हमला बोला। उन्होंने सपा के PDA नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार बदला जाने वाला नारा है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए का असली मतलब ‘पार्टी ऑफ डिंपल एंड अखिलेश’ है।